बिलासपुर में खनिज विभाग ने विशेष अभियान चलाकर अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वाले खनिज माफियाओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की है। जिसमें 8 हाईवा, 6 ट्रैक्टर-ट्राली और 2 माजदा सहित 16 वाहनों को जब्त किया है। वहीं, दूसरी ओर रिवर व्यू स्थित अरपा नदी पर खुलेआम रेत का अवैध उत्खनन चल रहा है।दरअसल, सीएम विष्णु देव साय के सख्त निर्देश के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल ने भी खनिज विभाग के अफसरों को मैदानी इलाके में जाकर अवैध उत्खनन और परिवहन करने वालों पर अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद भी शहर के बीच अरपा नदी पर अवैध उत्खनन चल रहा है। न्यू रिवर व्यू रोड पर अरपा नदी के बीच रोजाना रात 10 बजे के बाद अंधेरे में आधा दर्जन ट्रैक्टर उतरता है, जिसके बाद मजदूर अंधेरे में रेत निकाल कर परिवहन करते हैं। ऐसा नहीं है कि खनिज और पुलिस विभाग को इसकी भनक नहीं है।
उनकी जानकारी में यह अवैध कारोबार चल रहा है, जहां पूरी रात रेत निकाला जाता है। देर रात रिवर व्यू रोड पर बैठने व घूमने वालों पर पुलिस की नजर रहती है और पेट्रोलिंग भी करती है। लेकिन, नदी के बीच अवैध कारोबार चल रहा है।
रात में कार्रवाई का दावा, शहर में छूट
खनिज विभाग के अफसरों का दावा है कि, रेत माफिया दिन के बजाए रात में उत्खनन और परिवहन करने लगे हैं। लिहाजा, टीम अब रात में भी छापेमारी कर रही है। विशेष अभियान में 20 से ज्यादा इलाकों में दबिश
खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, पूरे जिले में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने तेंदुआ, कोटा, चोरभट्टी, कछार, लोफन्दी, सेंदरी, निरतू, कोनी, मंगला, हिरीं, पचपेड़ी, गोबरी, आमाकोनी, मल्हार, कुकुर्दीकला, गनियारी, चकरभाठा, कड़ार और अमसेना जैसे रेत और चूना पत्थर के गढ़ माने जाने वाले क्षेत्रों की सघन जांच की।