जानकारी के मुताबिक, कटघोरा के मुख्य मार्ग में सुबह 8 बजे की घटना है। कार (मारुति ऑल्टो के-10) सवार परिवार कोरबा का रहने वाला था। इसमें पति-पत्नी और 2 बच्चे सवार थे। वहीं, बाइक सवार युवक कटघोरा का रहने वाला था। इस दौरान दोनों में आमने-सामने की टक्कर हो गई।
घायल सिम्स रेफर, बच्चों को भी आई चोट
पुलिस के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवक लगभग 5 फीट ऊपर उछलकर सड़क पर गिरा। वहीं कार असंतुलित होकर दो बार पलटी खा गई। हादसे में युवक को गंभीर चोटें आई हैं। उसकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (सिम्स) रेफर किया है।
कार में सवार महिला और एक बच्चा भी घायल हुए हैं। दोनों को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी
कटघोरा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव रहता है। वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हादसे होते रहते हैं। उनका सुझाव है कि शहर में कुछ स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं।
कोरबा जिले में सड़क हादसों की संख्या बढ़ती जा रही है। हाल के दिनों में कई ऐसे हादसे हुए हैं, जिनमें तेज रफ्तार वाहनों ने बाइक सवारों को टक्कर मारी है। इन हादसों में कई लोगों की जान गई है और कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं।