रायपुर में रातभर हल्की बूंदाबांदी होती रही, जबकि सुबह के बाद कई इलाकों में तेज बारिश भी दर्ज की गई। हालांकि कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है।
इस बीच बिलासपुर के चचेई डैम में पिकनिक मनाने गए आकाश पटेल नामक युवक के डूबने की घटना सामने आई है। युवक का 12 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है, जिनमें सुकमा में सर्वाधिक 49.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, आज से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
15 अक्टूबर के बाद मानसून लौटने के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, 30 सितंबर तक हुई बारिश को मानसून की बारिश माना जाता है, जबकि इसके बाद की बारिश को ‘पोस्ट मानसून’ यानी मानसून के बाद की बारिश माना जाता है।
फिलहाल देश के कई हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। छत्तीसगढ़ में आमतौर पर 5 अक्टूबर के आसपास सरगुजा की तरफ से मानसून लौटना शुरू होता है, लेकिन इस बार वापसी में देरी हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस बार प्रदेश में मानसून करीब 15 अक्टूबर के बाद लौटेगा, यानी सामान्य से करीब 10 दिन देरी से।