
विधानसभा सिहावा के अंतर्गत आने वाले भाजपा मंडल बेलरगांव के अध्यक्ष मनोहर मानिकपुरी को पदमुक्त किया गया है। यह निर्णय प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय के मार्गदर्शन में लिया गया। मनोहर मानिकपुरी को दिसंबर में ही मंडल अध्यक्ष का पद सौंपा गया था।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, मंडल अध्यक्ष पर लगे छेड़छाड़ के आरोपों के कारण संगठन की छवि धूमिल हो रही थी। भाजपा ने अपने सिद्धांतों, मर्यादा और अनुशासन का हवाला देते हुए यह कार्रवाई की है, जिससे कार्यकर्ताओं में हड़कंप मच गया है।
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस ने प्रेस से चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी की छवि और अनुशासन सर्वोपरि है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति संगठन की मर्यादा से बाहर जाकर आचरण करता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल और निष्पक्ष कार्यवाही की जाती है।
बैस ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी भी परिस्थिति में अनुशासनहीनता या संगठन की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाले आचरण को बर्दाश्त नहीं करती। उन्होंने जोर दिया कि भाजपा में व्यक्ति से बड़ा संगठन होता है, और संगठन की मर्यादा बनाए रखना हर कार्यकर्ता का पहला कर्तव्य है। पार्टी सदैव पारदर्शिता और सख्त संगठनात्मक अनुशासन की पक्षधर रही है।