कोरबा जिले के देवपहरी गांव में एक युवक ने अपने प्यार को साबित करने के लिए जहर पीकर जान दे दी। मामला लेमरू थाना क्षेत्र का है। कृष्ण कुमार पंडो (20) अपने पड़ोसी गांव की एक नाबालिग लड़की से प्यार करता था। 3 साल से उनका अफेयर चल रहा था। लड़की के घर वालों को उनके प्यार के बारे में पता चला तो उन्होंने 26 अक्टूबर की रात लड़के को घर बुलाया। जहां कृष्ण कुमार से पहले तो उनके परिजनों ने अच्छे से बातचीत की। खातिरदारी करते हुए उसे खाना भी खिलाया।
उन्होंने प्यार की परीक्षा लेने के लिए एक गिलास में कीटनाशक घोलकर उसे पीने के लिए दिया। युवक ने यह कहते हुए जहर पी लिया कि वह उनकी बेटी से बहुत प्यार करता है। जहर पीने के बाद से युवक की हालत खराब थी, 11 दिन बाद इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। ये है पूरा घटनाक्रम
घटना 26 सितंबर की है। देवपहरी गांव का रहने वाला कृष्ण कुमार पंडो (20) पड़ोस की युवती से बहुत प्यार करता था। युवती नाबालिग थी। परिजनों को इसकी जानकारी हुई, तो उन्होंने कृष्ण कुमार को अपने घर बुलाया।
परिजनों ने कृष्ण कुमार की आवभगत की और फिर उससे पूछा कि वह उनकी बेटी से कितना प्यार करता है। इसके बाद उन्होंने प्यार की परीक्षा लेने के लिए एक गिलास में कीटनाशक घोलकर उसे पीने के लिए दिया।
युवक ने यह कहते हुए जहर पी लिया कि वह उनकी बेटी से बहुत प्यार करता है। जिसके बाद लड़की के ही मां-बाप उसे अस्पताल ले जाने के लिए घर से निकले लेकिन रास्ते में जब उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो बीच रास्ते में छोड़कर भाग गए।
रात 12 बजे लड़के के परिजनों को किसी ने फोन कर बताया कि उनके बेटे की हालत ठीक नहीं है, वह रास्ते में पड़ा है। जिसके बाद परिजन आए और उसे घर ले गए। युवक रात भर घर में ही था। अगले दिन परिजन सुबह उसे स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर किया। तब से 8 अक्टूबर तक युवक का इलाज चल रहा था। तब तक युवक की हालत और बिगड़ गई थी। उसने बातचीत करना भी बंद कर दिया था। 11 दिन बाद 8 अक्टूबर को उसने दम तोड़ दिया।