पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। बिलासपुर में शनिवार दोपहर अचानक मौसम बदला और तेज बारिश हुई। सबसे ज्यादा 90 मिमी बारिश अंतागढ़ में हुई है। वहीं राजधानी रायपुर में हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। रविवार को भी बारिश हो सकती है।
अधिकतम तापमान 32.01 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर और न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री पेंड्रारोड में रिकॉर्ड किया गया है। रविवार के लिए मौसम विभाग ने किसी भी जिले में अलर्ट जारी नहीं किया है।
अक्टूबर में अब तक 109% ज्यादा बरसा पानी
इस बार अक्टूबर में अब तक सामान्य से 109% अधिक बारिश दर्ज की गई है। आमतौर पर 8 अक्टूबर तक राज्य में औसतन 28.3 मिमी वर्षा होती है और मानसून लौट चुका होता है, लेकिन इस बार अब तक 59.1 मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी है।
10 दिन देरी से लौटेगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक, 30 सितंबर तक हुई बारिश को मानसून की बारिश माना जाता है, जबकि इसके बाद की बारिश को ‘पोस्ट मानसून’ यानी मानसून के बाद की बारिश माना जाता है।
फिलहाल देश के कई हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। छत्तीसगढ़ में आमतौर पर 5 अक्टूबर के आसपास सरगुजा की तरफ से मानसून लौटना शुरू होता है, लेकिन इस बार वापसी में देरी हो रही है।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस बार प्रदेश में मानसून करीब 15 अक्टूबर के बाद लौटेगा, यानी सामान्य से करीब 10 दिन देरी से।