वीवीआईपी के लिए बनेगा लग्जरी सर्किट हाउस

Chhattisgarh Crimesअंग्रेजों के जमाने के ओल्ड सर्किट हाउस टूट गया है। सर्किट हाउस की खाली जमीन में गाड़ियां पार्क हो रही हैं। पीडब्ल्यूडी ने पिछले वित्तीय वर्ष में नये सर्किट हाउस के लिए शासन को 12 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर भेजा था। शासन ने सर्किट हाउस के निर्माण की मंजूरी दे दी है। पीडब्ल्यूडी नया सर्किट हाउस 6 मंजिला बनाएगा। इसके ग्राउंड फ्लोर में पार्किंग और 6 मंजिल तक अफसरों, वीआईपी और वीवीआईपी अतिथियों के लिए कमरों का निर्माण किया जाएगा। नए सर्किट हाउस की ड्राइंग डिजाइन बन गई है।

पीडब्ल्यूडी दीपावली बाद इसका टेंडर जारी करेगा। पीडब्ल्यूडी को एक साल के भीतर इसे बनाने का लक्ष्य रखा है। क्योंकि प्रदेश भर से अफसर, वीआईपी और वीवीआईपी सरकारी काम काज के सिलसिले में रायपुर आते हैं। वर्तमान में रायपुर सर्किट हाउस पैक रहता है। जरूरतमंदों को सस्ता कमरा नहीं मिल पाता है। इसके बनने से लोगों को बीच शहर में सस्ता और अच्छा कमरा मिलेगा। इससे लोगों को काफी सहूलियत होगी।

सर्किट हाऊस के पुराने भवन को पीडब्ल्यूडी ने तोड़ दिया है। अधिकारियों ने बताया, नव निर्मित सर्किट हाउस भूतल के अलावा 6 मंजिल रहेगा। इसमें वातानुकूलित कमरे बनाए जाएंगे। इसके अलावा सुइट रूम, वीवीआईपी सुइट, एक मीटिंग रूम रहेगा। इसके अलावा इस सर्किट हाउस में कान्फ्रेंस हॉल बनाया जाएगा। सभी तल में टेरेस गार्डन बनाया जाएगा। बता दें कि पीडब्ल्यूडी ने पुराने सर्किट हाउस को तोड़कर यहां पार्किंग स्थल बनाने का निर्माण लिया था। क्योंकि वर्तमान में सर्किट हाउस आने वालों को पार्किंग के लिए काफी परेशानी होती है। लेकिन विभाग ने अचानक प्लान बदलकर अब सर्किट हाउस बनाने का निर्णय लिया है।

सर्किट हाउस में नहीं मिलता कमरा

सर्किट हाउस में कुल 40 कमरे हैं। इसकी बुकिंग रायपुर एसडीएम कार्यालय से होती है। सर्किट हाउस में शहर के बीचो बीच कम दाम में अच्छे कमरे मिल जाते हैं। इस कारण वीवीआईपी और वीआईपी इतने आते हैं कि एक भी रूम खाली नहीं रहता। सर्किट हाउस बुकिंग का काम देखने वाले कर्मचारी ने बताया कि सर्किट हाउस सभी सीजन में पैक रहता है। विधान सभा सत्र शुरू होने पर ऐसी नौबत आ जाती है कि एक भी कमरा खाली नहीं रहता। ऐसे में काफी दिक्कत होती है। नया सर्किट हाउस बनने के बाद कमरे अधिक हो जाएंगे इससे दिक्कत नहीं होगी।

Exit mobile version