धमतरी में एक भाजपा नेता मनोहर मानिकपुरी को आदिवासी महिला से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया

Chhattisgarh Crimesधमतरी में एक भाजपा नेता मनोहर मानिकपुरी को आदिवासी महिला से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर घर में घुसकर अश्लील हरकतें करने का आरोप है। मामला सामने आने के बाद उसे पार्टी के मंडल अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था।

पुलिस के अनुसार, यह घटना धमतरी जिले के बेलर गांव में हुई थी। तत्कालीन भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोहर मानिकपुरी के खिलाफ बोराई थाने में छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया था। इस घटना के बाद भाजपा ने आरोपी को उसके पद से हटा दिया था।

आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गोंडवाना सेवा समिति युवा प्रभाग ने आंदोलन किया था। बेलर गांव को एक दिन के लिए बंद कराया गया और पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया था, जिसमें गिरफ्तारी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई थी।

3 अक्टूबर को दर्ज कराई थी शिकायत

नगरी एसडीओपी विपिन रंगारी ने बताया कि 3 अक्टूबर को महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया था कि मनोहर दास मानिकपुरी ने उनके घर में घुसकर अश्लील हरकतें कीं और छेड़छाड़ की।

एट्रोसिटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई

महिला के आदिवासी समाज से होने के कारण मामले में एट्रोसिटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। घटना के बाद से आरोपी मनोहर दास मानिकपुरी फरार चल रहा था। पुलिस ने अब उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

Exit mobile version