छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में पिता और बेटा जिंदा जल गए

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में पिता और बेटा जिंदा जल गए। रात एक घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिस कमरे में आग फैली वहां राजू कुर्रे (26 साल) और उसका 5 साल का बेटा समर सो रहा था। पत्नी बगल वाले कमरे में सो रही थी, उसे इसकी भनक तक नहीं लगी। मामला बैकुंठपुर थाना क्षेत्र का है।

मंगलवार की सुबह पत्नी ने देखा कि कमरे में रखा पूरा सामान भी जल गया है। दोनों बाप-बेटे के अवशेष कमरे में पड़े मिले। जानकारी के मुताबिक दोनों कमरे में गद्दा बिछाकर जमीन पर सोए थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस ने पत्नी और आसपास के लोगों के बयान भी लिए हैं। मामला हत्या का है या आत्महत्या का, यह जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा।

जली हालत में पड़े मिले शव

मंगलवार की सुबह राजू कुर्रे की पत्नी उठी तो उसे पूरे कमरे में जलने की गंध आने लगी, जिसके बाद वह पति-बेटे को देखने कमरे में पहुंची। वहां पूरा सामान जला हुआ था और राजू कुर्रे और समर की लाश भी जली हालत में पड़ी हुई थी।

जानकारी के मुताबिक राजू कुर्रे किसान था। वह रोजी-मजदूरी और खेती-किसानी करके घर चलाता था। दोनों का 5 साल का एक बेटा समर था, जिसकी भी आगजनी की घटना में मौत हो गई है।

नशे की हालत में होने की आशंका

आसपास रहने वालों ने बताया कि राजू कुर्रे किसानी करता था। संभवतः वह नशे की हालत में सोया था। किसी कारण से कमरे में आग लगी होगी और दोनों को उठने का मौका नहीं मिला होगा। वहीं सुसाइड की भी आशंका जताई जा रही है। घटना से पत्नी सहित अन्य परिवारजन सदमे में हैं।

कोतवाली पुलिस का कहना है कि घर के कमरे में आग कैसे लगी, इसका पता नहीं चल पाया है। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची, शव के अवशेष कलेक्ट किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version