
शासन के निर्देशानुसार, खरीफ विपणन साल 2025-26 के लिए जिले में धान खरीदी प्रक्रिया 15 नवंबर 2025 से शुरू होगी। आगामी खरीदी सीजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हैं, जिसमें पारदर्शी व्यवस्था और अवैध धान की रोकथाम पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कलेक्टर के निर्देश और सीमाओं पर सतत निगरानी
कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने धान खरीदी से पहले ही प्रशासनिक अमले को पूरी मुस्तैदी के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिले की सीमाओं से लगे राज्यों झारखंड, उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश की सीमाओं पर सतत निगरानी रखने को कहा है, ताकि अवैध धान का परिवहन और भंडारण रोका जा सके।
अधिकारियों और पुलिस की सक्रिय निगरानी
कलेक्टर के निर्देश पर जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, नायब तहसीलदार, उड़नदस्ता दल और नोडल अधिकारी सक्रिय रूप से निगरानी में जुटे हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों और नाका-चेक पोस्टों पर पुलिस और राजस्व अमले की ओर से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है, जिससे कोई भी व्यापारी या बिचौलिया अवैध रूप से धान का परिवहन न कर सके।
कार्रवाई और नागरिकों से अपील
जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि अब तक की कार्रवाई में जब्त किए गए धान पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि कहीं भी अवैध धान के परिवहन या भंडारण की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारी को सूचित करें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।