
धान खरीदी से पहले सुकमा पुलिस ने छत्तीसगढ़ और ओडिशा बॉर्डर पर धान से लदे दो पिकअप को जब्त किया। अवैध तरीके से धान का परिवहन किया जा रहा था। आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ पासिंग वाहन को जब्त किया गया है। मामला पुसपाल थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से बड़ी मात्रा में धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिश की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और नेतानार मोबाइल चेकपोस्ट पर सघन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान AP 39 TD 7219 और CG 17 KN 8852 क्रमांक के दो पिकअप वाहनों को रोका गया। जब चालकों से धान संबंधी दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। संदेह के आधार पर पुलिस ने दोनों वाहनों में रखे धान को जब्त कर लिया।
मामले की जानकारी तुरंत खाद्य विभाग को दी गई है, जो आगे की कार्रवाई में जुट गया है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध धान की खरीद-फरोख्त और परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।