
जानकारी के मुताबिक, राजकिशोर नगर अटल आवास निवासी राहुल जाधव (30) ड्राइवर है। शनिवार की रात 12.30 बजे से 12.45 के बीच कार्तिक गुप्ता और पत्नी आकांक्षा गुप्ता बाइक से आए। राहुल उन्हें पहले से जानता है। इस दौरान उन्होंने राहुल को बुलाया। जिसके बाद पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे।
पति-पत्नी ने चलाए हाथ-मुक्के, ब्लेड मारकर किया घायल
इस दौरान दोनों पति-पत्नी मिलकर लात-घूसों से उसकी पिटाई करने लगे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच कार्तिक गुप्ता ने ब्लेड से उस पर हमला कर दिया। जिससे युवक के गले सहित अन्य हिस्सों से खून निकलने लगा।
मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। जिसके बाद घायल युवक को अस्पताल ले गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।