छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक बार फिर से कोडातराई एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो रही

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक बार फिर से कोडातराई एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो रही है। विमानन विभाग से प्रशासन को इस संबंध में पत्र मिला है। जिसके बाद कलेक्टर ने राजस्व विभाग को भू-अर्जन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। आने वाले समय में रायगढ़ को भी अपना एयरपोर्ट मिल सकता है।

साल 2012 में कोडातराई में एयरपोर्ट बनाने की योजना बनाई गई थी। तब प्रारंभिक काम शुरू हुआ था। कोडातराई, औरदा, जकेला और बेलपाली गांवों की जमीन की खरीदी-बिक्री पर रोक लगा दी गई थी। लेकिन कुछ तकनीकी और प्रशासनिक अवरोधों के कारण यह परियोजना ठंडे बस्ते में चली गई थी।

अब एक बार फिर इस पर काम शुरू किया जा रहा है। विमानन विभाग से पत्र मिलने के बाद कलेक्टर ने एसडीएम को भू-अर्जन की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं।

4C VFR कैटेगरी का बनेगा एयरपोर्ट

करीब 13 साल पहले राज्य शासन और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के बीच एमओयू हुआ था, जिसके तहत कोडातराई हवाई पट्टी को 4C VFR कैटेगरी एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की योजना थी। उसी एमओयू के अनुसार अब फिर से रायगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।

चार गांवों में जमीन खरीद-बिक्री पर रोक

2012 में जब एयरपोर्ट परियोजना प्रारंभ हुई थी, तब चार गांवों में जमीन चिन्हांकित की गई थी।

  • कोडातराई: 184 किसानों की 64 हेक्टेयर
  • औरदा: 75 किसानों की 29 हेक्टेयर
  • बेलपाली: 44 किसानों की 48 हेक्टेयर
  • जकेला: 132 किसानों की 86 हेक्टेयर

कुल मिलाकर 569 एकड़ जमीन एयरपोर्ट के लिए चयनित की गई थी। इसमें मौजूदा हवाई पट्टी की 23 एकड़ जमीन भी शामिल है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दी जानकारी

प्रदेश के वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने हाल ही में एक कार्यक्रम में कहा कि, एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। निर्माण कार्य बाद में होगा, लेकिन अभी अधिग्रहण का काम जल्द शुरू होगा।

सर्वेक्षण का काम जारी

एसडीएम महेश शर्मा ने बताया कि शासन से पत्र प्राप्त हो चुका है और अब प्रभावित क्षेत्र का सर्वेक्षण कर भू-अर्जन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि, 2012 में कुछ कारणों से काम रुक गया था, लेकिन अब प्रक्रिया दोबारा शुरू हो गई है। प्रारंभिक चरण का काम चल रहा है, और बहुत जल्द रायगढ़ के लोग इसका लाभ उठा सकेंगे।

Exit mobile version