
परिजनों का आरोप है कि एम्बुलेंस (महतारी एक्सप्रेस- 102) को कॉल किया। लेकिन गाड़ी समय पर नहीं पहुंची। लेबर पेन भी बढ़ने लगा। ऐसे में महिला को ई-रिक्शा से लेकर पहुंचे। मितानिन पर भी लापरवाही का आरोप है। स्वास्थ्य अधिकारी ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
वहीं, 4 दिन पहले अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के MCH वार्ड के टॉयलेट में एक गर्भवती महिला ने बच्चे को जन्म दिया। बच्चा कमोड में फंस गया। करीब 1 घंटे बाद टॉयलेट सीट तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला गया। बच्चा सिर्फ 7 महीने का है और प्री-मैच्योर है।
जानकारी के मुताबिक महिला शौचालय गई थी। कमोड पर बैठते ही उसके पेट में दर्द हुआ और बच्चा उसके गर्भ से बाहर गिर गया। नवजात कमोड पर ही अटका रहा। जब महिला ने शोर मचाना शुरू किया, तो लोगों को पता चला और बच्चे को बचाया गया।
कोरबा में नहीं पहुंची एम्बुलेंस, ई-रिक्शा में डिलीवरी
कोरबा मामले में पति बाबूलाल विश्वकर्मा पेशे से राज मिस्त्री है। वह परिवार के साथ अयोध्यापुरी दर्री में रहता है। उसके 2 बच्चे हैं। गुरुवार सुबह पत्नी सीमा विश्वकर्मा को लेबर पेन होने लगा। जिसके बाद उसे स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। वहां मौजूद स्टाफ ने जांच के बाद बताया कि महिला में खून की कमी है।
प्रसव के दौरान दिक्कत हो सकती है, इसलिए उसे जिला मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी। परिजनों ने महतारी एक्सप्रेस के लिए कॉल किया। काफी देर तक इंतजार के बाद एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी ने ई-रिक्शा चालक को कॉल कर बुलाया।
पति का कहना है कि मितानिन पत्नी की हालत देखकर मौके से अपने घर चली गई। मितानिन को बुलाने और कॉल करने के बावजूद वह उनके साथ जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल नहीं पहुंची।
ई-रिक्शा में बीच रास्ते बच्चे को जन्म दिया
महिला को ई-रिक्शा से अस्पताल ले जाया रहा था, इसी दौरान बुधवारी के पास महिला ने बच्चे को जन्म दिया। किसी तरह परिजन महिला को लेकर जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। ई-रिक्शा गेट के पास खड़ी कर दी। फौरन प्रसूता और नवजात शिशु को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जांच के बाद मितानिन पर होगी कार्रवाई
इस पूरे मामले में जिला स्वास्थ्य अधिकारी एसएन केसरी ने बताया कि महिला ने ई-रिक्शा में नवजात को जन्म दिया है। उन्हें जिला कॉलेज अस्पताल भर्ती किया गया है। अगर मितानिन की ओर से लापरवाही की गई है तो उसकी जांच की जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
अंबिकापुर में टॉयलेट में बच्चे का जन्म, कमोड में फंसा
दरअसल, सूरजपुर जिले के प्रतापपुर की रहने वाली रामपति बाई करीब 7 महीने की प्रेग्नेंट थीं। 13 नवंबर को प्रसव पीड़ा होने पर महिला को परिजनों ने प्रतापपुर सीएचसी में भर्ती कराया। महिला की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।
महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एमसीएच अस्पताल के AMC-2 वार्ड में भर्ती किया गया था। शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे प्रसूता टॉयलेट गई थी। इसी दौरान टॉयलेट में ही प्रसव हो गया। इसके बाद महिला ने शोर मचाना शुरू किया।
वहीं शोर सुनने के बाद वार्ड के नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टर मौके पर पहुंचे। इस दौरान पता चला कि महिला की डिलीवरी हो गई है। महिला से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह टॉयलेट करने गई थी। इसके बाद पता चला कि बच्चा कमोड में फंसा हुआ है।