बांग्लादेश हिंदू उत्पीड़न पर विरोध प्रदर्शन

Chhattisgarh Crimes बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर कथित अत्याचारों और हिंदू युवक दीपू चरण दास की हत्या के विरोध में दुर्ग जिले में हिंदू संगठनों और सर्व हिंदू समाज ने प्रदर्शन किया। शुक्रवार, 26 दिसंबर को दुर्ग और भिलाई में दो अलग-अलग स्थानों पर विरोध प्रदर्शन और रैलियां आयोजित की गईं। भिलाई के खुर्सीपार स्थित दुर्गा मैदान में दोपहर 3 बजे एक विशाल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली श्री हनुमान चालीसा सेवा समिति खुर्सीपार, सर्व हिंदू समाज, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में हुई। आयोजकों ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को मानवाधिकारों का उल्लंघन बताया और इसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाने की मांग की।

 

कई सामाजिक संगठन हुए शामिल

 

रैली के माध्यम से हिंदू समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा का संदेश दिया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया।

 

इसी क्रम में जिला मुख्यालय दुर्ग के पुराना बस स्टैंड में शाम 4 बजे पुतला दहन और प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चरण दास की हत्या के विरोध में आयोजित किया गया था।

 

कट्टरपंथी हिंसा के खिलाफ कार्रवाई की मांग

 

प्रदर्शनकारियों ने कट्टरपंथी हिंसा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुतला दहन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय समुदाय और भारत सरकार का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया। दोनों कार्यक्रमों को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस व्यवस्था अलर्ट पर रही। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए, ताकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Exit mobile version