छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मंगलवार सुबह एक सहकारी बैंक शाखा में आग लग गई। जिससे बैंक के कंप्यूटर सिस्टम, कैश काउंटर और इन्वर्टर की बैटरियां जलकर खाक हो गईं। गनीमत रही कि जरूरी दस्तावेज और कैश सुरक्षित बचा लिए गए। जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 8 बजे गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम ओटेबंद स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग की शाखा में हुई। बताया जा रहा है कि, बैंक की छत पर बंदरों का झुंड उछल-कूद कर रहा था।
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
इसी दौरान बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क उठी। आग लगते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। मामले की जांच की जाएगी
गुंडरदेही पुलिस के अनुसार, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है। फिलहाल नुकसान का आंकलन किया जा रहा है, जिसके बाद ही कुल क्षति स्पष्ट हो पाएगी।