जगदलपुर में पुलिस ने 54 किलो गांजा के साथ 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांजा को राजस्थान ले जाने के लिए सप्लाई की तैयारी में थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 54 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 26.97 लाख रुपए है। साथ ही 6 मोबाइल फोन और कैश बरामद की गई है। मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है। दरअसल, बस्तर पुलिस नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। बोधघाट पुलिस को 12 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि, राजस्थान से आए 4 लोग जगदलपुर के गोयल धर्मशाला में ठहरे हैं और सुकमा के 2 लोग उनसे मिलने गांजा लेकर पहुंचे हैं। सभी आरोपी कमरे में मौजूद हैं और गांजा को राजस्थान ले जाने के लिए वाहन का इंतजाम कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोयल धर्मशाला के रूम नंबर 9 में रेड कार्रवाई की। रेड के दौरान कमरे में 6 लोग मिले। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 4 बैग में पैक 54 किलो गांजा बरामद किया गया। जिसकी कीमत करीब 26 लाख 97 हजार 200 रुपए बताई गई है।
इसके अलावा 6 मोबाइल फोन और 2,500 रुपए नगद भी जब्त किए गए। आरोपियों के पास गांजा रखने और परिवहन करने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20 (B) के तहत मामला दर्ज कर 13 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया।
ये हैं आरोपी
बबलू कुशवाहा (राजस्थान)
श्रीनिवास (राजस्थान)
देशराज कुशवाहा (राजस्थान)
पंकज उपरेती (उत्तर प्रदेश)
राम सिंह (सुकमा)
दुबराज कश्यप (सुकमा)