मोवा बाजार के पास मंगलवार को रात करीब 11 बजे एक बाउंसर ने ससुराल में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी

Chhattisgarh Crimesमोवा बाजार के पास मंगलवार को रात करीब 11 बजे एक बाउंसर ने ससुराल में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी को बच्चे से मिलने नहीं दिया जा रहा था, जिससे वह आक्रोशित हो गया। उसने अपनी दोनों सालियों पर करीब तीन राउंड फायरिंग की। घटना में दोनों युवती गंभीर रूप से घायल हो गईं। बाद में एक की मौत हो गई। गोलीबारी से इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। मोवा में देर रात गहमागहमी बनी रही। घटना के बाद लोग सहमे हुए से नजर आए।

घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी की हालत नाजुक बनी हुई है। रायपुर नॉर्थ जोन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह नशे में था और बातचीत करने की स्थिति में नहीं था।

मोवा थाना के टीआई एसएन सिंह के अनुसार मोवा निवासी जितेंद्र वर्मा (32) बाउंसर का काम करता है और उसके पास लाइसेंसी पिस्टल है। उसका अपनी पत्नी खिलेश्वरी वर्मा से पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था। मंगलवार को भी दोनों के बीच जमकर कहासुनी हुई।

Exit mobile version