
बिलासपुर जिले में गर्मी के बीच व्यापार विहार स्थित खाद्य तेल की चौधरी एजेंसी में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिससे एजेंसी में रखा लाखों रुपए का खाद्य तेल और अन्य सामान जलने की आशंका है। फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी है। घटना तारबाहर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, व्यापार विहार बिलासपुर संभाग का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र माना जाता है। यहां बड़ी संख्या में गोदाम और एजेंसियां संचालित हैं। जिस समय एजेंसी में आग लगी बड़ी मात्रा में खाद्य तेल का स्टॉक रखा हुआ था। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के व्यापारी और कर्मचारी बाहर निकल आए। कुछ ही देर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग तेजी से फैल रही है। चौधरी एजेंसी के आसपास कई अन्य एजेंसियां और व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हैं। ऐसे में आग यदि दूसरे प्रतिष्ठानों तक पहुंच सकती है, जिससे करोड़ों रुपए के नुकसान की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के लिए राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। आग लगने के कारणों का नहीं चला पता
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। शुरुआती तौर पर लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है