युमेन्द्र कश्यप/मैनपुर। एक ओर जहां ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए लगातार सड़क निर्माण पर जोर दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर बनी हुई सड़कों की समय पर मरम्मत और देखरेख नहीं होने से उनकी स्थिति बदहाल होती जा रही है। देवभोग ब्लॉक अंतर्गत केंदुबन से झिरीपानी तक जाने वाली पक्की सड़क इन दिनों जर्जर और खस्ताहाल हो चुकी है।
सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आवागमन के दौरान परेशानी और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि इस मार्ग का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत किया गया था। लेकिन समय पर मरम्मत और रखरखाव नहीं होने के कारण सड़क की स्थिति लगातार खराब होती गई। यह मार्ग क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसी सड़क से आवागमन करते हैं। वहीं स्कूली विद्यार्थी भी इसी मार्ग से होकर स्कूल आते-जाते हैं।
ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग
सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क में बने गड्ढों की वजह से आवागमन मुश्किल हो गया है। बारिश के मौसम में समस्या और बढ़ जाती है। ऐसे में संबंधित विभाग को मौके का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति का जायजा लेना चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से केंदुबन-झिरीपानी सड़क की आवश्यक मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने तथा सड़क की गुणवत्ता की जांच कर स्थायी समाधान की दिशा में कार्यवाही करने की मांग की है। समय रहते सड़क की मरम्मत होने से क्षेत्रवासियों, राहगीरों और स्कूली विद्यार्थियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।