विधायक रोहित साहू के प्रयासों से गरियाबंद में बहुउद्देशीय स्टेडियम निर्माण के लिए सात करोड़ साठ लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी

Chhattisgarh Crimesयुमेन्द्र कश्यप/गरियाबंद। राजिम विधायक श्री रोहित साहू के भगीरथ प्रयासों और क्षेत्र के युवाओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप गरियाबंद जिले को क्रीड़ा के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र में विधायक रोहित साहू द्वारा एक के बाद एक बड़ी सौगात मिलती रही है इसमें अब एक नया अध्याय खेल के क्षेत्र में भी जुड़ गया है। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत जिला गरियाबंद में जिला स्तरीय बहुउद्देशीय स्टेडियम के निर्माण कार्य हेतु सात करोड़ साठ लाख अठहत्तर हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इससे अब युवाओं के सपनो को नए पंख लगेंगे और खेल जगत में गरियाबंद अब नई उड़ान भरने को तैयार रहेगा। गरियाबंद जिले में खेल सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के अभाव के कारण स्थानीय प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपने कौशल को निखारने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विधायक रोहित साहू ने इस जनभावना और युवाओं की मांग को प्राथमिकता देते हुए शासन स्तर पर लगातार सशक्त पैरवी की। उनके इन अथक प्रयासों के बल पर ही राज्य सरकार ने इस बहुप्रतीक्षित मांग को मंजूरी प्रदान की है।

 

जिसके लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा विभागीय स्वीकृति आदेश भी जारी कर दिया है। इस स्वीकृति के बाद अब गरियाबंद में सर्वसुविधायुक्त अत्याधुनिक बहुउद्देशीय स्टेडियम के निर्माण का मार्ग पूरी तरह से प्रशस्त हो गया है। इस उपलब्धि से पूरे गरियाबंद जिले और राजिम विधानसभा क्षेत्र के खेल प्रेमियों तथा युवाओं ने हर्ष व्यक्त किया है। सभी ने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए विधायक रोहित साहू का आभार व्यक्त किया है।

इस बहुउद्देशीय स्टेडियम के बन जाने से गरियाबंद जिले के उभरते हुए खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतरीन आधुनिक बुनियादी ढांचा और सुविधाएं मिल सकेंगी। जिला स्तर पर खेलकूद की गतिविधियों, प्रतियोगिताओं और युवाओं को शारीरिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है।

इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि आज हमारे गरियाबंद जिले के लिए अत्यंत ऐतिहासिक और गौरवमयी दिन है। हमारे युवाओं और खिलाड़ियों की वर्षों पुरानी मांग आज साकार रूप लेने जा रही है। छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत गरियाबंद में जिला स्तरीय बहुउद्देशीय स्टेडियम के निर्माण के लिए 760.78 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर मैं संपूर्ण गरियाबंद जिलेवासियों एवं युवा साथियों की ओर से प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री सह खेल व युवा कल्याण मंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करता हूँ। हमारी सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और खेलों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। यह बहुउद्देशीय स्टेडियम हमारे स्थानीय प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए एक शानदार मंच प्रदान करेगा।

Exit mobile version