बीजापुर में सर्चिंग के दौरान मिला माओवादियों का नक्सली डंप, जमीन के नीचे छिपाकर रखा बीजीएल लॉन्चर

Chhattisgarh Crimes Chhattisgarh Crimesयुमेन्द्र कश्यप/छत्तीसगढ़ क्राइम्स। 31 मार्च 2026 से छत्तीसगढ़ नक्सलमुक्त हो चुका है। इस बात का ऐलान खुद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कर चुके हैं। चार दशकों तक नक्सलवाद का दंश झेलने के बाद अब बस्तर में शांति का माहौल है। सरेंडर कर समाज की मुख्यधारा में लौटने वाले माओवादी भी जवानों को नक्ली डंप की सूचना दे रहे हैं। इन सूचनाओं के आधार पर लगातार माओवादियों के गोला बारूद बरामद किए जा रहे है।

■ जंगल से मिला नक्सली डंप

गुरुवार को भी पामेड़ पुलिस एवं कोबरा 208वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने जीड़पल्ली के जंगलों में सर्चिंग अभियान के दौरान माओवादी डम्प बरामद करने में सफलता हासिल की है। सुरक्षा बलों ने मौके से 2 नग बीजीएल लॉन्चर और 36 नग बीजीएल सेल बरामद किए हैं. जानकारी के अनुसार, थाना पामेड़ क्षेत्रांतर्गत ग्राम जीड़पल्ली के जंगलों में माओवादी डम्प छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर थाना पामेड़ और कोबरा 208वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्चिंग अभियान संचालित किया। इस दौरान जवानों ने जंगलों में पूर्व से माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प का पता लगाया। डम्प की तलाशी लेने पर 2 नग बीजीएल लॉन्चर एवं 36 नग बीजीएल सेल बरामद किए गए।

■ बीजीएल लॉन्चर एवं सेल बरामद

जिला पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में माओवादी गतिविधियों पर नियंत्रण लगाने और शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे है। इन अभियानों का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सुरक्षा के साथ विकास का वातावरण स्थापित करना है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री दिखाई देने पर उसे न छुएं और उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें. ऐसी किसी भी वस्तु की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या सुरक्षा कैंप को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।