15-20 साल पुराने सौर ऊर्जा संयंत्रों को मिला नया जीवन, क्रेडा ने 40 सोलर सिस्टम की बैटरी-पैनल बदले

Chhattisgarh Crimesयुमेन्द्र कश्यप/गरियाबंद। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के सौर ऊर्जीकृत गांवों में लंबे समय से बंद और खराब पड़े सौर ऊर्जा संयंत्रों को दुरुस्त करने की पहल रंग लाने लगी है। छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) द्वारा पुराने सोलर पैनल, बैटरी बैंक, इन्वर्टर एवं अन्य तकनीकी उपकरणों को बदलकर संयंत्रों को पुनः सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। प्रथम चरण में 14 ग्राम पंचायतों के आश्रित गांवों में 40 सौर ऊर्जा संयंत्रों की मरम्मत एवं उपकरणों का प्रतिस्थापन किया गया है।

जानकारी के अनुसार, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के कई गांवों में लगभग 15 से 20 वर्ष पुराने सोलर पावर प्लांट स्थापित किए गए थे। समय के साथ इनकी विद्युत उत्पादन क्षमता काफी कम हो गई थी। वहीं, कई संयंत्रों की बैटरियां भी खराब हो चुकी थीं। इसके चलते ग्रामीणों को विशेषकर रात के समय पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही थी। कई परिवारों को अंधेरे में जीवनयापन करना पड़ रहा था।

इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने लगातार अपनी आवाज उठाई। कुछ माह पूर्व राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर राजापड़ाव क्षेत्र में ग्रामीणों ने 14 घंटे तक चक्काजाम कर शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया था। इसके बाद क्षेत्र की जनता ने पत्र लिखकर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री तक अपनी समस्याएं पहुंचाईं। ग्रामीणों की इस मांग और परेशानी को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर क्रेडा के माध्यम से खराब सौर ऊर्जा संयंत्रों को तत्काल दुरुस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई।

क्रेडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देश पर विभागीय अमले ने प्रथम चरण में 14 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले आश्रित गांवों में 40 सौर ऊर्जा संयंत्रों की बैटरियां, सोलर पैनल, इन्वर्टर एवं अन्य खराब उपकरणों को बदलने तथा कंट्रोल रूम की मरम्मत का कार्य किया। इसके बाद कई गांवों में सौर ऊर्जा संयंत्र दोबारा सुचारु रूप से काम करने लगे हैं।

इस पहल से ग्रामीण परिवारों को दैनिक कार्यों, बच्चों की पढ़ाई और रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था में राहत मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों के लिए यह सुविधा काफी महत्वपूर्ण है, जहां बिजली की नियमित उपलब्धता आज भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।

ग्रामीणों ने सौर ऊर्जा संयंत्रों को दोबारा चालू कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं क्रेडा विभाग के प्रति आभार जताया है। साथ ही अन्य गांवों में भी खराब पड़े सोलर संयंत्रों की बैटरियां और पैनल बदलने की मांग की है, ताकि वनांचल के सभी प्रभावित परिवारों को नियमित बिजली सुविधा मिल सके।

अब आगे की चुनौती: प्रथम चरण में 40 सौर ऊर्जा संयंत्रों को दुरुस्त किया गया है। ऐसे में शेष प्रभावित गांवों के संयंत्रों का रखरखाव और नियमित संचालन सुनिश्चित करना भी जरूरी होगा, ताकि ग्रामीणों को फिर से अंधेरे की समस्या का सामना न करना पड़े।

Exit mobile version