देवभोग में जिला पंचायत अध्यक्ष को धमकी और घर की रेकी का मामला गरमाया, थाने में लिखित शिकायत दर्ज

Chhattisgarh Crimesयुमेन्द्र कश्यप/गरियाबंद। गरियाबंद जिला पंचायत के अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप को उनकी इंस्टाग्राम आईडी पर जान से मारने की धमकी मिलने और अभद्र टिप्पणियां किए जाने का मामला सामने आया है। इस गंभीर घटना से राजनीतिक गलियारों और समर्थकों में हड़कंप मच गया है। मामले से आहत जिप अध्यक्ष ने समर्थकों के साथ देवभोग थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है, साथ ही पूर्व में पुलिस द्वारा बरती गई लापरवाही पर भी गहरी नाराजगी जाहिर की है।

मिली जानकारी के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले भाजपा संगठन के एक कार्यक्रम के दौरान दिए गए संबोधन का वीडियो जिप अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप ने अपनी आधिकारिक इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड किया था। इसी पोस्ट पर ‘राठौर उग्रसेन’ नाम की एक आईडी से कई अशोभनीय टिप्पणियां की गईं। इतना ही नहीं, कमेंट बॉक्स में देवभोग आकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस सनसनीखेज पोस्ट के सामने आने के बाद समर्थकों में भारी आक्रोश है।

■ जिला पंचायत अध्यक्ष के घर की रेकी करने का भी आरोप

शिकायत पत्र में जिप अध्यक्ष ने 22 अक्टूबर को हुई एक संदिग्ध घटना का भी विशेष रूप से जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि उस दिन एक अर्टिगा कार उनके निवास स्थान की रेकी (निगरानी) कर रही थी। घर के बाहर लघुशंका के लिए निकले उनके पिता को देखकर कार सवार संदिग्ध मौके से फरार हो गए थे। अध्यक्ष का आरोप है कि इस डरावनी और संदिग्ध घटना की सूचना तत्काल तत्कालीन थाना प्रभारी दिव्या पैकरा को दी गई थी और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग की गई थी। इसके बावजूद पुलिस द्वारा कोई भी ठोस कदम न उठाया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।

■ थाना प्रभारी ने कही जांच की बात

मामले की गंभीरता को देखते हुए वर्तमान थाना प्रभारी दिलीप मेश्राम ने जिप अध्यक्ष से औपचारिक शिकायत प्राप्त कर ली है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों को जानकारी भेजकर मार्गदर्शन लिया जा रहा है और मामले की तकनीकी जांच के लिए इसे साइबर सेल को सौंपा जाएगा ताकि आरोपी की पहचान जल्द से जल्द की जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई पर अब सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।

Exit mobile version