
यह हादसा सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी इलाके के गंगापुर में हुआ है। रायगढ़ जिले के तमनार इलाके से श्रद्धालु ग्रामीण बस में सवार होकर लोग वाराणसी गंगा स्नान करने और पूजा पाठ के लिए जा रहे थे। रायगढ़ से श्रद्धालुओं को लेकर निकली बस सुबह करीब 2.30 बजे अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर गंगापुर के पास पहुंची। बस को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
पेड़ से जा टकराई बस, मची अफरा-तफरी
ट्रक की टक्कर के बाद बस बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बस में सवार सभी यात्रियों को चोटें आईं। वहीं, 15 सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर लटोरी पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल लटोरी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल 15 ग्रामीणों को प्राथमिक इलाज के बाद तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेज दिया गया। यहां इलाज के दौरान कोईतमा बाई (50) निवासी लैलूंगा की मौत हो गई।
हादसे में दो अन्य घायलों रमेश (50) और पुष्पा (40) को इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है। पुष्पा के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। रमेश सिंह के सिर पर चोट के कारण कान से खून निकल रहा है।
52 घायलों का अंबिकापुर में इलाज
मंगलवार सुबह लटोरी से बाकी सभी घायलों को अंबिकापुर भेज दिया गया। गंभीर रूप से घायल सुरेश (40), धौजा (50), संतरा देवी (66), बरत राम (60), कांता राठिया (55), सुमित्रा (55), सुकांति पैंकरा (65), बंशी राम (55), अनुसुइया शर्मा (50), पवन (13), आनंद कुमार (40) का अंबिकापुर के आईसीयू में इलाज चल रहा है।
सामान्य घायलों का वार्डों में इलाज किया जा रहा है। घायलों ने बताया कि जब हादसा हुआ, लगभग सभी श्रद्धालु सो रहे थे। बस पेड़ से टकराकर एकाएक रुकी। जब तक उन्हें कुछ समझ में आता, वे हादसे का शिकार हो गए थे।