दुर्ग में घर में घुसकर लोहे की रॉड से हमला

Chhattisgarh Crimesदुर्ग के सेक्टर-8, 6B स्ट्रीट-8 में बुधवार रात पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग ने घर में घुसकर लोहे की रॉड से परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में पिता और उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना रात करीब 9:30 से 11:30 बजे के बीच की है।

जानकारी के अनुसार, खेड़ूराम देवांगन (55), जो बीएसपी कर्मचारी हैं, अपने परिवार के साथ घर में खाना खा रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला नाबालिग लड़का पीछे के दरवाजे से कूदकर घर में दाखिल हुआ। आरोपी ने नकाब और ग्लव्स पहन रखे थे और हाथ में लोहे की रॉड थी। घर में घुसते ही उसने अचानक हमला शुरू कर दिया।

नाबालिग के हमले में पिता और दो बेटियां घायल

हमले में खेड़ूराम देवांगन को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें करीब 16 टांके लगाए गए हैं। उनकी बड़ी बेटी गरिमा देवांगन (26), जो बीएमएस डॉक्टर हैं, को भी रॉड लगने से गंभीर चोटें आईं और 6 टांके लगाए गए। छोटी बेटी लिपिका देवांगन (23), जो पुणे में प्राइवेट जॉब करती है, को भी चोटें आईं और 3 टांके लगाए गए हैं।

हमले के दौरान मां उमेश्वरी देवांगन (47) ने बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी ने हाथ-पैर से मारपीट कर दी, जिससे उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया।

पड़ोसियों ने हमलावर नाबालिग को पकड़ा

घटना के बाद घायल खेड़ूराम किसी तरह घर से बाहर निकले और मदद की गुहार लगाई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग को कस्टडी में ले लिया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास (एटेम्पट मर्डर) समेत अन्य धाराओं में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी द्वारा हमला करने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

Exit mobile version