
कार खरीदने गया परिवार, चोरों ने जेवर किया पार
नगर पंचायत पवनी निवासी शिक्षक रामलाल साहू की बेटी की शादी 6 से 9 फरवरी तक संपन्न हुई थी। शादी के बाद, 10 फरवरी को दोपहर 2 बजे से रात 10:30 बजे तक पूरा परिवार कसडोल में नई कार खरीदने गया था।
इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे करीब 8 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। चोर एक अन्य बैग में रखे जेवरात और नकदी को छोड़कर फरार हो गए।
वापस लौटे तो घर का ताला टूटा मिला
रात 10:30 बजे जब परिवार नई कार लेकर घर लौटा, तो उन्होंने घर और अलमारी के ताले टूटे हुए पाए। अलमारी की जांच करने पर सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। पीड़ित परिवार ने तुरंत बिलाईगढ़ पुलिस को सूचना दी।
पुलिस रात में ही जांच के लिए पहुंची, लेकिन रात अधिक होने के कारण 11 फरवरी, गुरुवार सुबह डॉग स्क्वायड और साइबर सेल की टीम को भी बुलाया गया।
टेंट कर्मचारियों, खाना बनाने वालों से पूछताछ कर रही पुलिस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिष पांडेय ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। पुलिस शादी समारोह में काम करने वाले टेंट कर्मचारियों, खाना बनाने वालों और वीडियो शूटिंग करने वालों सहित अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही, आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।