कोरबा के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरगा चौकी के केंदई हसदेव पुल के पास शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ

Chhattisgarh Crimesकोरबा के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरगा चौकी के केंदई हसदेव पुल के पास शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इसमें हाइवा और पिकअप वाहन की टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।

हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। बताया जा रहा है कि हाइवा वाहन में चावल और पिकअप वाहन में सब्जी लोड थी। तेज रफ्तार के कारण हसदेव पुल मोड़ पर हाइवा ने पिकअप को टक्कर मारी और फिर सामने एक मोड़ पर जा टकराया।

इस दुर्घटना में हाइवा वाहन के चालक और हेल्पर दोनों की मौत हो गई। पिकअप वाहन का चालक घायल हुआ है। हाइवा चालक मृतक की पहचान विनोद यादव के रूप में हुई है, जो वाहन का मालिक भी था।

टक्कर के बाद पिकअप पर लदी सब्जी और हाइवा से चावल की बोरियां सड़क पर बिखर गईं। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी ली और आगे की कार्रवाई शुरू की।

हाइवा वाहन का चालक वाहन में ही फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम और स्टाफ ने तत्काल जेएसईबी मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। मृतकों की पहचान कर ली गई है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शवों को फिलहाल मरचुरी में रखा गया है।

Exit mobile version