
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। हालांकि, अभी तक चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है।
गार्ड ने पुलिस को बताया कि बदमाश अचानक उसके पास पहुंचे। उन्होंने उसके हाथ-पैर बांध दिए, आंख पर कपड़ा बांध दिया और नाक भी दबा दी। डंडे से पिटाई की गई और उसे कुर्सी से गिराकर तीन बार पटका गया। मारपीट के बाद वह बेहोश हो गया। उसके चेहरे पर चोट के निशान हैं और इलाज कराया जा रहा है।
गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर
बताया जा रहा है कि गेट का ताला तोड़कर चोर मंदिर के अंदर घुसे। गार्ड को काबू में करने के बाद आरोपी मंदिर के अंदर पहुंचे। दान पेटी का ताला तोड़ा और नकदी निकाल ली। साईं बाबा के सोने-चांदी के मुकुट और चरण पादुका भी ले गए।
पुलिस के मुताबिक मंदिर के कई ताले टूटे मिले हैं और दरवाजों को नुकसान पहुंचा है। बड़ी छत्री भी तोड़ी गई, लेकिन भारी होने की वजह से आरोपी उसे ले नहीं जा सके। कई और सामान को ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन वे सफल नहीं हुए।
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
सुबह जैसे ही घटना की जानकारी मिली, मंदिर प्रबंधन और आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर भिलाई नगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। एसएसपी विजय अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पीछे के घरों में भी चोरी की जानकारी
बताया जा रहा है कि मंदिर के पीछे कुछ घरों में भी चोरी की कोशिश की गई है। शुरुआती जांच में 7 बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई है। सभी नकाब पहने हुए थे। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है।
इस मामले में सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि साईं मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। मेन गेट के पास गार्ड से मारपीट की गई है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।