
जब्त की गई कुल सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपए आंकी गई है, जिसमें कार की कीमत लगभग 6 लाख 50 हजार रुपए है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह मामला तपकरा थाना क्षेत्र के लावाकेरा बैरियर का है।
जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी 2026 को तपकरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि ओडिशा से एक संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर लावाकेरा होते हुए तपकरा मार्ग से बिहार की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में तत्काल एक पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने लावाकेरा बैरियर पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू की।इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही सिल्वर रंग की हुंडई वरना कार को पुलिस ने घेराबंदी कर रोका। चालक से पूछताछ में उसने अपना नाम सुमन कुमार हिमांशु (36 वर्ष) बताया, जो बिहार के वैशाली जिले के पातेपुर थाना अंतर्गत मंडईडीह का निवासी है।
स्टेपनी के स्थान पर छिपाकर रखे थे 65 पैकेट
संदेह होने पर पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली। कार की डिक्की में जहां स्टेपनी रखी जाती है, वहां प्लास्टिक की एक बोरी छिपी मिली। बोरी खोलने पर उसमें 65 पैकेट मिले। इन पैकेटों में कुल 67 किलो 135 ग्राम गांजा था। पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर आरोपी को पकड़ लिया। तस्करी में इस्तेमाल की गई कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं।
महिला साथी की तलाश जारी
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि दो-तीन माह पूर्व हाजीपुर (बिहार) में उसकी पहचान एक महिला से हुई थी। उसी के कहने पर वह उसके साथ संबलपुर (ओडिशा) गया, जहां से अवैध गांजा लेकर बिहार लौट रहा था।
आरोपी के अनुसार, उसकी महिला साथी ओडिशा में ही कार से उतर गई थी और उसे अकेले ही गांजा लेकर पटना पहुंचने के लिए कहा गया था। इसके एवज में उसे कुछ रकम देने की बात भी तय हुई थी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर संदिग्ध महिला की पहचान कर ली है और उसकी तलाश जारी है। साथ ही गांजा खरीदी के स्रोत एवं नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में थाना तपकरा में आरोपी के विरुद्ध धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। सबूत मिलने और आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि तपकरा क्षेत्र में एक कार से 67 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।