
अब पढ़ें क्या है पूरा मामला
कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले गुलाम कादर खान के पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉलर ने खुद को सरकारी विभाग का अधिकारी बताते हुए ‘सीनियर सिटीजन कार्ड’ के फायदे गिनाए।
ठग ने पीड़ित को विश्वास में लेकर व्हाट्सऐप पर एक APK फाइल भेजी और उसे इंस्टॉल करने को कहा। जैसे ही गुलाम कादर खान ने वह फाइल ओपन की। इसके बाद उनका मोबाइल फोन साइबर अपराधियों के कंट्रोल में चला गया।
आरोपियों ने वीडियो कॉल पर एटीएम कार्ड देखा
शातिर ठगों ने केवल फाइल से संतोष नहीं किया। उन्होंने बुजुर्ग को वीडियो कॉल किया और कार्ड वेरिफिकेशन के नाम पर उनका एटीएम (ATM) कार्ड और आधार कार्ड कैमरे के सामने दिखाने को कहा। इस दौरान ठगों ने स्क्रीन शेयरिंग या कैमरे के जरिए कार्ड की गोपनीय जानकारी और सीवीवी (CVV) नंबर हासिल कर लिया।
तीन किस्तों में उड़ाए 4.99 लाख रुपए
पुलिस के अनुसार, ठगों ने पीड़ित के अकाउंट से तीन किस्तों में 4,99,751 रुपए की चपत लगाई है। जब तक बुजुर्ग कुछ समझ पाते, खाता लगभग खाली हो चुका था।
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। कोतवाली के अलावा साइबर सेल की टीम भी मामले में अलग से जांच कर रही है।