
परिजनों ने शिकायत में बताया है कि वे मामले को लेकर स्कूल पहुंचे तो प्रिंसिपल ने उनसे बदसलूकी की और कहा कि गेट के बाहर जाकर बात कीजिए, आपके बच्चों को फ्री में बैग, टेबल, बिजली और किताबें मिल रही हैं, आपका कोई पैसा तो लगता नहीं है।
छात्रों ने बताया कि प्रिंसिपल विधु शर्मा जबरन काम करवाती है, कहती है फ्री में पढ़ते हो, ये तुम्हारा हक है। सबूत के तौर पर बच्चों का काम करते हुए फोटो और वीडियो भी दिए हैं। मामले की जांच के लिए DEO ने 3 सदस्यीय टीम बनाई है। यह मामला कोतवाली के तिलसिवां क्षेत्र का है।
अब जानिए पूरा मामला
सूरजपुर जिले के तिलसिवां में मुख्यमंत्री DAV पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों के परिजनों ने प्रिंसिपल के खिलाफ शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रिंसिपल ने आरटीई के तहत पढ़ने वाले बच्चों से स्कूल में निर्माण कार्य और पुताई कराई।
परिजनों ने शिकायत की है कि आरटीई के तहत पढ़ने वाले छात्रों से स्कूल में सीमेंट, रेत और अन्य सामान से निर्माण का काम कराया जा रहा है। बच्चों से कक्षाओं की पुताई भी करवाई गई। स्टूडेंट्स और परिजनों का कहना है कि जो छात्र काम करने से मना करते हैं, उन्हें टीसी काटने की धमकी दी जाती है।