राजनांदगांव पुलिस ने होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए ‘क्लीन स्वीप’ अभियान चलाया

Chhattisgarh Crimesराजनांदगांव पुलिस ने होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए ‘क्लीन स्वीप’ अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की गई। डोंगरगांव, कोतवाली और सुरगी पुलिस ने अवैध शराब, नशीली दवाएं जब्त कीं और शांति भंग करने वालों को गिरफ्तार किया।

डोंगरगांव पुलिस ने शुष्क दिवस पर अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की। निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में पुलिस ने अमलीडीह स्थित ‘भारत ढाबा’ पर दबिश दी और ढाबा संचालक निजामुद्दीन अंसारी उर्फ राजा को गिरफ्तार किया।

उसके पास से 320 नग देशी प्लेन और 16 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद की गई। कुल 336 पौवा (60.480 बल्क लीटर) शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 28,800 रुपये है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

कोतवाली पुलिस और चिखली चौकी की टीम ने नशीली दवाओं के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की। सीआईटी बाईपास लखोली रोड के पास घेराबंदी कर आदिल अहमद सिद्दीकी और नितेश पांडे नामक दो आरोपियों को पकड़ा गया। उनके पास से 100 नग नाइट्रोमेक-10 और 480 नग अल्प्राजोलम टैबलेट सहित भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुईं।

पुलिस के अनुसार, इन टैबलेट्स को होली के दौरान शहर में खपाने की योजना थी। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

चौकी सुरगी पुलिस ने होली (धुर होली) पर मोहल्ले में विवाद कर अशांति फैलाने की कोशिश करने वाले दो व्यक्तियों पर कार्रवाई की। सुरगी निवासी सचिन चंद्रवंशी और सिंघोला निवासी राजेंद्र सोनवानी के खिलाफ धारा 170, 126, 135(3) BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। निरीक्षक ढाल सिंह साहू के नेतृत्व में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
Exit mobile version