सरगुजा जिले के ग्राम भकुरा में पैसों के लेन-देन के विवाद पर तीन दोस्तों ने युवक की बेदम पिटाई कर दी

Chhattisgarh Crimesसरगुजा जिले के ग्राम भकुरा में पैसों के लेन-देन के विवाद पर तीन दोस्तों ने युवक की बेदम पिटाई कर दी। घायल युवक की मौके पर मौत हो गई। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक नाबालिग है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम भकुरा में होली के दिन सुबह गांव के युवक सुटुल (25 वर्ष) का शव खेत में पड़ा मिला था। सुटुल का शर्ट गायब था और शरीर पर चोट के निशान मिले थे। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।

शार्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में युवक की मौत अंदरूनी चोटों की वजह से होना बताया गया। मामले में पुलिस ने धारा 103, 3(5) BNS का अपराध दर्ज किया।

तीन दोस्तों ने की पीट-पीटकर हत्या मामले की जांच के दौरान पता चला कि मृतक सुटुल 3 मार्च को अपने साथियों अजय पैकरा, छत्रपाल और एक नाबालिग के साथ देखा गया था। पुलिस ने तीनों से पूछताछ की तो तीनों ने पैसों के बंटवारे के विवाद पर सुटुल की पीट-पीटकर हत्या करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले में सुटुल के साथ मिलकर काम किया था। पैसे सुटुल को मिले थे। पैसों के बंटवारे को लेकर उनका विवाद हुआ था। विवाद के दौरान सुटुल गाली-गलौज करने लगा तो आक्रोशित होकर तीनों ने डंडे और लात-घूंसों से सुटुल की पिटाई कर दी। मारपीट में सुटुल बेहोश होकर गिर गया तो उन्होंने डंडा पास ही फेंक दिया और भाग निकले।

पुलिस ने मामले में आरोपी अजय पैकरा उर्फ जर्रा (19 वर्ष) छत्रपाल (20 वर्ष) और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया।

कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने बताया कि आरोपी अजय पैकरा व छत्रपाल को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। वहीं नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है एवं नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

Exit mobile version