
वहीं, रतनपुर के सांधीपारा में स्कूल जा रहे 12 वर्षीय छात्र को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी, जिससे उसने दम तोड़ दिया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
बैंक के काम आए थे बाइक सवार
ग्राम पड़रिया निवासी दिनेश कैवर्त्य का बेटा, बहू और बेटी मानसी कैवर्त्य (16) बैंक के काम से तखतपुर आए थे। दोपहर करीब 2 बजे तीनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। बाइक मानसी का भाई चला रहा था। पड़रिया मोड़ के पास तखतपुर की ओर जा रही हाईवा ने लापरवाही से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों गिर गए।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
हादसे में मानसी गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल तखतपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के लिए रवाना किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाईवा को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
स्कूल जा रहे बच्चे को बस ने कुचला, मौत
रतनपुर के सांधीपारा में बुधवार को स्कूल जा रहे 12 वर्षीय छात्र को तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बाड़ी में जा घुसी।
चालक और हेल्पर मौके से फरार हो गए। मृतक जयवंत पटेल (12) सांधीपारा निवासी था और भेड़मुड़ा के स्कूल में कक्षा सातवीं का छात्र था। वह साइकिल से स्कूल जा रहा था। पेट्रोल पंप के पास सड़क पार करते समय कोरबा की ओर जा रही बस ने उसे टक्कर मार दी।
बस में फंसे यात्रियों को लोगों ने निकाला
इस हादसे के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। रतनपुर पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे वाहनों से रवाना किया। पुलिस ने बस जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
घटना के बाद लोगों में भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर नाराजगी है। उन्होंने रफ्तार पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की।