छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में किसान के कोठे से बकरियां चोरी हुई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में किसान के कोठे से बकरियां चोरी हुई है। कोठे में बनी मिट्टी की दीवार में होल कर चोर अंदर घुसे। वहां से एक-एक कर 37 बकरी और बकरों को चुराकर ले गए। वारदात का CCTV भी सामने आया है। मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है।

वीडियो के मुताबिक, आरोपियों ने बकरियों की गर्दन पकड़ी और होल से बाहर फेंका। इसके बाद चोरों ने 4 बकरी का मांस 4 हजार में बेच दिया। बाकी बकरी चोरों के साथियों के पास है, जो अभी फरार चल रहे हैं। शिकायत के बाद 2 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है।

अब जानिए पूरा मामला…

ग्राम सेंवार निवासी मुकेश वर्मा (27) किसान है। वह धान मंडी के पास स्थित अपने प्लॉट पर बकरी-बकरा पालन करता है, जिन्हें रखने के लिए प्लॉट में कोठा बनाया गया था। 15 मार्च की शाम करीब 7 बजे वह रोज की तरह ताला लगाकर अपने पुराने घर चला गया।

रात में पड़ोसी संतोष रजक ने कॉल कर बताया कि कोठे की दीवार में छेद हो गया है और अंदर बकरियां नहीं दिख रही हैं। सूचना मिलते ही मुकेश अपने पिता धन्नूलाल के साथ मौके पर पहुंचा। जांच करने पर पता चला कि 37 बकरी-बकरे गायब हैं।

वारदात की जानकारी फौरन पुलिस को दी गई। शिकायत में 37 बकरी-बकरों की चोरी बताई गई, लेकिन पुलिस ने केवल 17 की चोरी का मामला दर्ज किया।

रात 1 से 2 बजे के बीच वारदात

कोठे में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग देखने पर पता चला कि 15 मार्च की रात 1 से 2 बजे के बीच एक युवक दीवार के छेद से बकरों को बाहर निकाल रहा था।

फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की पहचान की और सरकंडा क्षेत्र के चिल्हाटी स्थित धनुहारपारा निवासी हेमराज उर्फ हेमू उर्फ राहुल साहू (18) और नजीर खान उर्फ मजीद खान (20) को हिरासत में लिया।

4 बकरों को काटकर बेचा

पूछताछ में आरोपियों ने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चार बकरों को काटकर 4 हजार रुपए में बेच दिया है। पुलिस ने यह रकम भी बरामद कर ली है।

अन्य आरोपियों और बकरों की तलाश जारी

आरोपियों ने बताया कि बाकी बकरे उनके फरार साथियों के पास हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही चोरी हुए बकरों की खोज जारी है, जबकि दोनों आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मामले में चकरभाठा थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों अपने दोस्त संग मिलकर वारदात को अंजाम दिया था, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बाकी आरोपियों के खिलाफ भी मामला दर्ज कर तलाश की जा रही है।

Exit mobile version