छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में स्थित संजय पार्क में आवारा कुत्तों के हमले से 15 हिरणों की मौत हो

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में स्थित संजय पार्क में आवारा कुत्तों के हमले से 15 हिरणों की मौत हो गई। शुक्रवार (20 मार्च) रात पार्क के पास लगे जंगल से कुछ आवारा कुत्ते परिसर में घुस गए और दौड़ा दौड़ाकर हिरणों को नोंच कर काट डाला। कुत्तों ने सांभर और उनकी कोठरियों को भी नुकसान पहुंचाया।

बताया जा रहा है एक जगह से बाड़े का तार टूट गया था, कुत्ते वहीं से अंदर घुसे थे। 14 हिरणों की मौत घटना के अगले दिन हो गई थी। जबकि एक घायल हिरण ने रविवार को दम तोड़ दिया। घटना के बाद पार्क को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। मामले में लापरवाही सामने आने के बाद डिप्टी रेंजर समेत 4 कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।

पीएम के बाद हुआ अंतिम संस्कार

जब घटना हुई रात के अंधेरे में कोई मौजूद नहीं था। अगले दिन 21 मार्च की सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पार्क कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। वन विभाग ने वेटनरी डॉक्टरों को बुलाकर सभी मृत हिरणों का पोस्टमॉर्टम कराया। इसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।

बाउंड्री का तार टूटा, वहीं से घुसे कुत्ते

अंबिकापुर जिले से 15 किलोमीटर दूर संजय पार्क स्थित है। पार्क काफी पुराना है। सरकार ने साल 1980 में इसे विकसित किया था। वर्तमान में यहां 31 हिरण, 1 नीलगाय, पक्षी और बहुत सारे मोर है। जिन्हें सुरक्षा के घेरे में रखा गया है। लेकिन पार्क के पीछे वाले इलाके में एक जगह बाड़े का तार टूटा था, कुत्ते वहीं से अंदर घुस आए।

सरगुजा डीएफओ अभिषेक जोगावत ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि 15 हिरणों की मौत हुई है। इनमें 5 मादा चीतल, 1 नर चीतल, 5 मादा कोटरा, 1 नर कोटरा, 3 नर चौसिंघा शामिल है।

ये कर्मचारी हुए सस्पेंड

मामले में लापरवाही सामने आने पर सीसीएफ दिलराज प्रभाकर ने डिप्टी रेंजर सहित 4 कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। पार्क में इन्हीं की ड्यूटी लगी थी। आरोप है कि बाउंड्री का तार टूटा रहा लेकिन इसकी जानकारी नहीं दी गई।

  1. अशोक सिन्हा, डिप्टी रेंजर
  2. ममता परते, वनपाल
  3. प्रतीमा लकड़ा, वनपाल
  4. बिंदू सिंह, वनपाल

रेंजर से मांगा गया जवाब

इसके अलावा अंबिकापुर के रेंजर अक्षपलक ऋषि को नोटिस जारी कर 5 दिनों के अंदर जवाब मांगा गया है, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

जांच के आदेश, 24 घंटे में मांगी रिपोर्ट

DFO अभिषेक जोगावत ने बताया कि घटना की जांच के लिए अंबिकापुर एसडीओ फॉरेस्ट के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। 24 घंटे में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version