नेशनल हाईवे पर रविवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में ट्रांसपोर्टर समेत दो लोगों की मौत

Chhattisgarh Crimesनेशनल हाईवे पर रविवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में ट्रांसपोर्टर समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक हादसा तड़के सुबह अंजोरा क्षेत्र में हुआ, जबकि दूसरा हादसा शाम को टेडेसरा के पास हुआ।

पहला हादसा रविवार को करीब 4 बजे अंजोरा थाना क्षेत्र के मरमरा मोड़ के पास हुआ। अंजोरा थाना प्रभारी चंद्रशेखर सोनी के मुताबिक एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार में सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान हर्षदीप सिंह (37) पिता गुरदीप सिंह निवासी बलदेव बाग, राजनांदगांव के रूप में हुई है।

रायपुर से राजनांदगांव जा रहा था युवक हर्षदीप रायपुर से राजनांदगांव की ओर जा रहा था। सुबह करीब 4 बजे जब वह मरमरा मोड़ के पास पहुंचा तो उसे झपकी आ गई। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और हर्षदीप की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद अंजोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शाम को टेडेसरा में हुआ हादसा दूसरा हादसा रविवार शाम टेडेसरा के पास स्टेट हाईवे पर हुआ। सोमनी थाना प्रभारी अरुण कुमार नामदेव ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार नागराज साहू अपनी पत्नी के साथ राजनांदगांव से दुर्ग की ओर जा रहा था। रास्ते में टेडेसरा के पास वह एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था।

ओवरटेक करते समय अचानक मोटरसाइकिल फिसल गई और नागराज सड़क पर गिर पड़ा। गिरते ही वह ट्रक के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसकी पत्नी घायल हो गई, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका इलाज जारी है।

Exit mobile version