
गौरी गुप्ता कहने लगी कि एसपी से बात कराना, एसपी कभी नहीं रोकता। प्रोटोकॉल नहीं पता है क्या इन लोगों को। हमारे ही सीएम हैं वो समझे। यह पूरी घटना रविवार रात की बताई जा रही है। भाजपा नेत्री की इस बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, बहस के बीच एक बीजेपी नेता के दखल के बाद उन्हें अंदर एंट्री मिल गई।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, रविवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर दौरे पर थे। रिवर व्यू में भारत रत्न और पूर्व पीएम अटल विहारी वाजपेयी की प्रतिमा अनावरण के बाद सीएम सर्किट हाउस पहुंचे थे। लिहाजा, सर्किट हाउस परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी।
इसी दौरान भाजपा नेत्री गौरी गुप्ता वहां पहुंचीं और अंदर जाने की कोशिश करने लगीं। लेकिन, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए उन्हें रोक दिया।
बोलीं- प्रोटोकॉल नहीं पता है क्या, एसपी भी नहीं रोकता
इस दौरान पुलिसकर्मियों के रोकने पर भाजपा नेत्री गौरी गुप्ता भड़क गईं। उन्होंने पुलिसकर्मियों को फटकार लगाते हुए कहा कि, क्या प्रोटोकॉल नहीं जानते? एसपी से बात कराना, एसपी भी नहीं रोकते, हमारे ही सीएम हैं वो। उन्होंने खुद को भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बताते हुए नाराजगी जताई और मौके पर काफी देर तक बहस कर हंगामा मचाती रहीं।
नेता के दखल के बाद मिली एंट्री
हंगामे के बीच एक भाजपा नेता मौके पर पहुंचे, जिनके हस्तक्षेप के बाद गौरी गुप्ता को सर्किट हाउस के अंदर एंट्री मिल गई। हालांकि, इस दौरान माहौल काफी गरमाया रहा।
VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल
भाजपा नेत्री के हंगामे का किसी ने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस और नेत्री के बीच बहस साफ देखी जा सकती है। फिलहाल, इस पूरे मामले पर पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। न ही, पुलिसकर्मियों ने इसकी शिकायत की है।