
युवती को लगातार फोन पर धमकियां मिल रही थीं कि उसके अश्लील वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर डाल दी जाएंगी। इन धमकियों ने उसे मानसिक रूप से परेशान कर दिया था।
आरोपी ने पहले युवती से ऑनलाइन माध्यम से 60 हजार रुपये की वसूली की। पैसे देने के बावजूद धमकियां बंद नहीं हुईं। बदनामी के डर से टूटकर युवती ने 17 अप्रैल 2025 को घर में चूहा मारने वाला जहर निगल लिया।
पता होता तो आज हमारे बीच होती हमारी बेटी : पिता
परिजनों ने उसे बेसुध हालत में पाया और तुरंत रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की। पांच दिनों तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद, युवती ने 22 अप्रैल 2025 को दम तोड़ दिया था। मृतिका के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी डरी हुई थी और उसने किसी को कुछ नहीं बताया था। उन्होंने कहा, “अगर हमें पहले पता होता, तो वो आज हमारे बीच होती।”
इस तरह के अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे:भावना गुप्ता SP
एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि मृतिका के पिता के बयान और मोबाइल फोन की जांच से दुष्प्रेरणा (Abetment) का मामला सामने आया। जांच में आरोपी की लोकेशन उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के रेउना थाना क्षेत्र में मिली। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी गुलशन कश्यप को गिरफ्तार कर पलारी ले आई। उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि “इस तरह के अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार काम कर रही है।”