धमतरी जिले में एक बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला

Chhattisgarh Crimesधमतरी जिले में एक बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मगरलोड थाना क्षेत्र के झाझरकेरा गांव के पास एक नहर नाली में महिला का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने जंगली जानवरों के हमले से मौत होने की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार, झाझरकेरा निवासी जमुना बाई साहू (55) शुक्रवार शाम को अपने खेत में गेहूं की फसल की रखवाली करने गई थीं। जब वह रात तक घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

शनिवार सुबह उनका शव खेत से लगभग 2 किलोमीटर दूर नहर नाली में खून से लथपथ मिला। महिला का चेहरा भी खून से सना हुआ था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही मगरलोड थाना प्रभारी प्रमोद अमलतास अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।

जंगली जानवर के हमले का संदेह

थाना प्रभारी प्रमोद अमलतास ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत जंगली जानवर के हमले से हुई प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और वन विभाग की टीम सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version