कोंडागांव वनमंडल की उड़नदस्ता टीम ने अवैध लकड़ी भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 45 नग लकड़ी जब्त की

Chhattisgarh Crimesकोंडागांव वनमंडल की उड़नदस्ता टीम ने अवैध लकड़ी भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 45 नग लकड़ी जब्त की है। जब्त की गई लकड़ी में साल, बीजा और सागौन शामिल हैं, जिसकी अनुमानित कीमत 1,35,000 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई 3 अप्रैल 2026 को वनमंडलाधिकारी कोंडागांव के निर्देश और उपवनमंडलाधिकारी पूर्व कोंडागांव के मार्गदर्शन में की गई।

यह मामला रेंज माकड़ी अंतर्गत ग्राम मगेड़ा हीरापारा का है। यहां आरोपी मानक राम यादव ने अपने मकान की बाड़ी में अवैध रूप से साल, बीजा और सागौन की लकड़ी का भंडारण किया था। उड़नदस्ता टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच के दौरान इन लकड़ियों को बरामद किया।

वन विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जब्त सामग्री में 20 साल चौखट कड़ी,19 साल चिरान और 6 सागौन फारा शामिल हैं। कुल 45 लकड़ियों का घनत्व 0.830 घन मीटर आंका गया है।

इस मामले में भारतीय वन अधिनियम के तहत अपराध प्रकरण क्रमांक 18465/04 दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में उड़नदस्ता प्रभारी मोतीलाल बेलसरिया, सहायक प्रभारी राकेश शुक्ला, वनपाल तारावती कोर्राम, अलका नाग, वनरक्षक वासुदेव डहरिया, सरस्वती मरकाम और वाहन चालक मंजीत चव्हाण शामिल थे।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध लकड़ी कटाई और भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version