जशपुर पुलिस ने जिले में यातायात व्यवस्था सुधारने और सुरक्षित बनाने के लिए अभियान तेज कर दिया

Chhattisgarh Crimesजशपुर पुलिस ने जिले में यातायात व्यवस्था सुधारने और सुरक्षित बनाने के लिए अभियान तेज कर दिया है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर बिना नंबर प्लेट, मॉडिफाइड वाहनों, ओवर स्पीड और स्टंट करने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में, कोतवाली जशपुर पुलिस ने बीती रात सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाली कुल 22 मोटरसाइकिलों को पकड़ा गया। जांच में पाया गया कि कई वाहन बिना नंबर प्लेट के थे, जबकि कुछ मॉडिफाइड थे या नाबालिगों द्वारा चलाए जा रहे थे।

अभियान के तहत, 19 बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को जब्त किया गया। पुलिस ने चालकों को नंबर प्लेट लगवाने के बाद ही वाहन छोड़ने की हिदायत दी और ₹5700 का जुर्माना वसूला। एक अन्य वाहन चालक पर ओवर स्पीड के लिए ₹1000 का जुर्माना लगाया गया। शेष दो वाहनों के खिलाफ कार्रवाई अभी जारी है।

पुलिस ने वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि भविष्य में यातायात नियमों का उल्लंघन करने या बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने पर उन्हें सीधे जब्त कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

जनता से सहयोग की अपेक्षा:डीआईजी एवं एसएसपी

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और नाबालिगों को वाहन न चलाने देने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियम तोड़ने पर वाहन चालक के साथ-साथ अभिभावकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जशपुर पुलिस ने जिले में सुरक्षित और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनता से सहयोग की अपेक्षा की है।