कोरबा के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातें फिर बढ़ गई हैं। मंगलवार सुबह इमली छपार चौक स्थित स्काई मेंस वेयर दुकान को निशाना बनाया गया। चोर दुकान का छज्जा तोड़कर अंदर घुसे और नगदी, कपड़े व जूते लेकर फरार हो गए।
दुकान संचालक आकाश साहू ने बताया कि मंगलवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे, तो दुकान का छप्पर टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। चोर गल्ले में रखे लगभग 5 हजार रुपये के साथ-साथ नए कपड़े और जूते भी ले गए। उन्होंने तुरंत कुसमुंडा पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
यह एक सप्ताह के भीतर कुसमुंडा क्षेत्र में चोरी की दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले विकास नगर स्थित नेहा रेडीमेड दुकान में भी छप्पर तोड़कर हजारों का सामन चोरी हुआ था। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि शातिर चोर लगातार टीन-छप्पर वाली दुकानों को निशाना बना रहे हैं।
दुकान में नहीं था सीसीटीवी कैमरा
स्काई मेंस वेयर दुकान में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने के कारण पुलिस को चोरों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। व्यापारियों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि रात में पेट्रोलिंग न के बराबर होती है, जिससे चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
थाने के घेराव की चेतावनी
व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में पुलिस पॉइंट लगाने और सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग की है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द चोर नहीं पकड़े गए तो वे थाने का घेराव करेंगे। कुसमुंडा थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने जल्द खुलासे का दावा किया है।