पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर राजनांदगांव जिला पुलिस ने अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। घुमका थाना पुलिस ने छेड़छाड़ के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं सिटी कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े एक आरोपी को मध्य प्रदेश के बालाघाट से पकड़ा है।
थाना घुमका क्षेत्र में महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने घर में घुसकर छेड़छाड़ करने वाले आरोपी अजय दास मानिकपुरी (23) को गिरफ्तार किया है। आरोपी भठली, जिला के.सी.जी. का निवासी है।
घटना 30 मार्च को हुई थी, जब आरोपी ने पीड़िता का पीछा किया और उसके घर के बाहर उससे जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक टीम गठित कर आरोपी को उसके गृह ग्राम से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
दूसरी कार्रवाई
साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को भी बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) का दुरुपयोग कर ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले आरोपी शाहरुख खान (38) को बालाघाट, मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बालाघाट से आरोपी को पकड़ा
प्रार्थी निरीक्षक रामेंद्र सिंह की रिपोर्ट पर दर्ज अपराध की जांच के दौरान तकनीकी सबूतों से पता चला कि आरोपी फर्जी बैंक खातों और सिम कार्ड का उपयोग कर अवैध लेन-देन कर रहा था। पूर्व में पकड़े गए आरोपी कृष्ण सोनकर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बालाघाट में दबिश दी और मुख्य आरोपी शाहरुख खान को मोबाइल फोन के साथ धर दबोचा।
आरोपी को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत जेल भेज दिया गया है। राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ इस प्रकार की सख्त और वैधानिक कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी।