डोंगरगढ़ में नौकरी दिलाने के नाम पर 2 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesडोंगरगढ़ में नौकरी दिलाने के नाम पर 2 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आशीष पुर्ती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

ग्राम अछोली निवासी ललिता सिंह (33) ने डोंगरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि नवंबर 2025 में आशीष पुर्ती और उसके साथी काली राम पार्कर (जिला दुर्ग निवासी) ने उन्हें एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में काउंसलर पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।

4 लाख रुपये की मांग, 2 लाख रुपये एडवांस दिया था

आरोपियों ने नौकरी के बदले कुल 4 लाख रुपये की मांग की थी, जिसमें से 2 लाख रुपये एडवांस के तौर पर ले लिए गए। पीड़िता का आरोप है कि पैसे लेने के बाद न तो नौकरी दिलाई गई और न ही रकम वापस की गई। काफी समय तक टालमटोल के बाद पीड़िता ने पुलिस से संपर्क किया।

आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया

मामले की गंभीरता को देखते हुए डोंगरगढ़ पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के बाद आरोपी आशीष पुर्ती (43), निवासी डोंगरगढ़ को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उसे 14 अप्रैल को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे नौकरी के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और पैसे न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया है।