मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस ने मोबाइल टावर से बैटरी चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के मुख्य सरगना सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें जियो कंपनी के दो कर्मचारी भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से कुल 11.21 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने मानपुर, खड़गांव, औंधी और कोहका थाना क्षेत्रों में हुई चोरियों की जांच शुरू की। साइबर सेल और कोहका पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जिसमें एक पिकअप वाहन (CG24 W 9361) संदिग्ध पाया गया। वाहन पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी ड्राइवर माखन तुमरेटी तक पहुंची, जिससे पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।
जियो कंपनी के कर्मचारी आरोपियों को देते थे जानकारी
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि जियो कंपनी के कर्मचारी हेमंत सिन्हा और भूपेंद्र रंगारी ही टावरों की लोकेशन और रेकी की जानकारी आरोपियों को देते थे। उनकी सूचना पर देवराज बघेल और माखन तुमरेटी चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी की गई बैटरियों को भानुप्रतापपुर (कांकेर) के कबाड़ी वीरेंद्र नेताम को बेचा जाता था।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी देवराज बघेल की निशानदेही पर कहडाबरी के जंगल से 93 बैटरियां बरामद कीं, जिनकी अनुमानित कीमत 3.20 लाख रुपये है। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने 4 लाख रुपये की एक स्विफ्ट डिजायर कार, 3.30 लाख रुपये का एक पिकअप वाहन, 30 हजार रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हेमंत कुमार सिन्हा (22, जियो कर्मचारी), भूपेंद्र रंगारी (23, जियो कर्मचारी), माखन तुमरेटी (45, वाहन चालक), देवराज बघेल (30, , मुख्य आरोपी) और वीरेंद्र नेताम (32,कबाड़ी) शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर बुधवार को अंबागढ़ चौकी न्यायालय में पेश किया गया।