सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कृषि विभाग दफ्तर में वकील और पत्रकार से मारपीट हुई है। घटना का CCTV सामने आया है, जिसमें अधिकारी प्रवीण पटेल ने फाइल की फोटो खींचने पर पत्रकार का कॉलर पकड़कर मुक्का ही मुक्का मारा। बचाने आए वकील को धकेल दिया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
इस दौरान दफ्तर में मौजूद सीनियर अधिकारी और अन्य स्टाफ किसी ने उसे नहीं रोका, सभी पिटाई देखते रहे। आरोप है दफ्तर पहुंचे पत्रकार ने किसान सम्मान निधि की राशि से संबंधित समस्या की जानकारी मांगी थी, और वहीं रखी फाइल की फोटो खींचने लगे। मना करने पर उच्च अधिकारियों से शिकायत की बात कही थी। इसी बात से प्रवीण पटेल तमतमा उठे, उन्होंने पीट दिया। पीड़ित ने शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
अब जानिए पूरा मामला
16 अप्रैल को वकील जनक बरेठ अपनी माता की किसान सम्मान निधि की राशि से संबंधित समस्या के समाधान के लिए आवेदन देने कृषि कार्यालय पहुंचे थे। उनके साथ पत्रकार पोषराम साहू भी गए हुए थे।
दोनों ने पहले जिला कृषि अधिकारी आशुतोष श्रीवास्तव से मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें संबंधित कर्मचारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (REO) प्रवीण पटेल के पास भेजा।
शिकायत करने की बात पर भड़के
पोषराम साहू पेशे से पत्रकार है, वह जिले में लोकल मीडिया कवरेज करता है। बताया जा रहा है कि दफ्तर में उसने REO प्रवीण पटेल से किसान सम्मान निधि की राशि की जानकारी मांगी थी और उच्च अधिकारियों से शिकायत कर देने की बात कही थी। इसी बात पर REO प्रवीण पटेल भड़क गए।
उन्होंने पत्रकार का कॉलर पकड़कर10 से भी ज्यादा बार मुक्के से मारा और वकील को धकेल दिया। पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
घटना के दौरान जिला कृषि अधिकारी मौके पर थे उन्होंने पुलिस बुलाने की बात कही। इस दौरान दोनों को कुछ समय तक ऑफिस से बाहर भी नहीं जाने दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ित पत्रकार और वकील ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।