छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ओडिशा से गांजा तस्करी कर रहे दो तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ओडिशा से गांजा तस्करी कर रहे दो तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कार की डिक्की में 9 पैकेट गांजा लाया जा रहा था। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। मामला तमनार थाना क्षेत्र का है।

दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के बिलाईमुंडा की ओर से सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में भारी मात्रा में गांजा भरकर धौराभांठा की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने धौराभांठा मेन रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और जांच की।

वाहन में सवार दो लोगों से पूछताछ में उन्होंने अपने नाम सोहनलाल सिदार (40), निवासी रायपारा थाना तमनार, और विनोद प्रधान (33), निवासी समकेरा थाना तमनार बताया। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें डिक्की में रखे 9 पैकेटों में गांजा बरामद हुआ।

सभी पैकेटों का वजन कराने पर कुल 60 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख 14 हजार 750 रुपए आंकी गई। इसके अलावा आरोपियों के पास से एक वीवो और एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। वाहन सहित कुल 20 लाख 24 हजार 750 रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।

फरार आरोपी की तालाश जारी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के कमल मेहर से संपर्क कर उससे गांजा लेकर अवैध बिक्री के लिए परिवहन कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने मामले में धारा 20(बी) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं मामले में फरार आरोपी कमल मेहर की तलाश जारी है।

सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

आमजन से अपील है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version