
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल को मुखबिर ने सूचना दी थी कि एक ग्रे रंग की महिंद्रा XUV 500 (क्रमांक RJ 14 UF 2337) में कुछ लोग ओडिशा से रायपुर की ओर गांजा तस्करी कर ले जा रहे हैं। यह वाहन ओडिशा-जगदलपुर-केशकाल मार्ग से गुजरने वाला था। इस सूचना के आधार पर केशकाल थाना के सामने पुलिस ने मल्टी-चैनल पॉइंट (MCP) लगाकर वाहन चेकिंग शुरू की।
आरोपियों की कार की डिक्की से 53 पैकेट गांजा बरामद
कुछ ही देर में संदिग्ध कार मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर कार ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी। इसके बाद पेट्रोलिंग वाहन की मदद से घेराबंदी कर बैरिकेडिंग लगाकर कार को रोका गया।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 53 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिन्हें भूरे रंग के सेलो टेप से पैक किया गया था। जब्त गांजा का कुल वजन 115.214 किलोग्राम है, जिसकी कीमत 11,52,140 रुपए आंकी गई है। इसके साथ ही 18 लाख रुपए कीमत की कार भी जब्त की गई।
भीलवाड़ा, राजस्थान के निवासी हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज सिंह राठौड़ और पंकज पुरी गोस्वामी के रूप में हुई है, जो भीलवाड़ा, राजस्थान के निवासी हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल ने बताया कि जिले में गांजा, शराब तस्करी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।